दीपका के मुख्य मार्ग पर दुकानों के विस्तार से बढ़ा अतिक्रमण, आवागमन बाधित

समाधान के लिए सीएमओ को टीआई ने भेजा पत्र
कोरबा, 29 सितंबर। नगर पालिका परिषद दीपका क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को लेकर दीपका थाना प्रभारी डीएन तिवारी ने नगर पालिका प्रशासन को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। 23 सितंबर 2026 को जारी पत्र में मुख्य मार्ग की लगातार कम होती चौड़ाई और सडक जाम की स्थिति को लेकर चिंता जताई गई है।
थाना प्रभारी दीपका धर्म नारायण तिवारी द्वारा मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद दीपका को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि बजरंग चौक से कटघोरा रोड एवं पाली रोड में संचालित दुकानों के दुकानदारों द्वारा अपनी दुकान की सीमा से आगे बढकर मुख्य मार्ग पर सामान रखा जा रहा है। इसके अलावा कई स्थानों पर स्थायी सेड का निर्माण भी कर दिया गया है। पत्र में कहा गया है कि अतिक्रमण के कारण मुख्य मार्ग की चौड़ाई कम हो गई है, जिससे आने वाले दिनों में सडक जाम की स्थिति और गंभीर होने की आशंका है। साथ ही सडक पर आवागमन प्रभावित होने के कारण दुर्घटना की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
थाना प्रभारी ने नगर पालिका प्रशासन से बजरंग चौक से कटघोरा एवं पाली रोड की ओर मुख्य मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। मुख्य मार्ग पर दुकान का सामान सडक तक फैलने और स्थायी निर्माण होने से वाहनों के आवागमन के लिए उपलब्ध जगह कम हो रही है। खासकर व्यस्त समय में वाहनों की संख्या बढने पर जाम की स्थिति बनने की संभावना बनी रहती है। पुलिस की ओर से नगर पालिका को भेजे गए इस पत्र के बाद अब देखना होगा कि प्रशासन अतिक्रमण हटाने को लेकर क्या कार्रवाई करता है।
