बांस-बल्ली ले जा रहे ट्रैक्टर चालक से 5 हजार की वसूली मामले में सिपाही सस्पेंड, नगर सैनिक हटाया गया

कोरबा 26 सितंबर। जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र में बांस-बल्ली ले जा रहे ट्रैक्टर चालक से कथित तौर पर 5 हजार रुपए की अवैध वसूली के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले में रजगामार चौकी में पदस्थ सिपाही मनोज को निलंबित कर दिया गया है, जबकि नगर सैनिक चेतन नारंग को चौकी से हटा दिया गया है।
घटना करीब पांच दिन पहले की बताई जा रही है। गोढ़ी निवासी योगेंद्र कुमार ट्रैक्टर में बांस-बल्ली लेकर जा रहे थे। इसी दौरान बिना वर्दी के दो लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए बांस के परिवहन की अनुमति नहीं होने की बात कही।
शिकायत के मुताबिक, दोनों ने कार्रवाई कर जेल भेजने की धमकी दी और मामले को रफा-दफा करने के नाम पर 5 हजार रुपए की मांग की। आरोप है कि यह रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कराई गई।
मामले को लेकर योगेंद्र कुमार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने जांच के निर्देश दिए। जांच के दौरान सिपाही मनोज और नगर सैनिक चेतन नारंग की कथित संलिप्तता सामने आने की बात कही गई है। इसके बाद पुलिस विभाग ने मामले में कार्रवाई की।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, जांच के आधार पर सिपाही मनोज को निलंबित कर दिया गया है। वहीं नगर सैनिक चेतन नारंग को रजगामार चौकी से हटा दिया गया है। नगर सैनिक के खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए नगर सेना के कमांडेंट को पत्र भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शिकायत और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
