आधी रात बिस्तर पर दिखा सांप: महिला की चीख से मचा हड़कंप, रेस्क्यू के बाद मिली राहत

कोरबा। मानिकपुर इलाके में आधी रात एक घर में सांप घुसने से हड़कंप मच गया। रात करीब 3:30 बजे बिस्तर पर सांप देखकर महिला चीखने लगी। परिजनों को आशंका हुई कि महिला को सांप ने डस लिया है, जिसके बाद मोहल्ले में भी अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस सिपाही हितेश राव ने वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम के जितेंद्र सारथी को सूचना दी। सारथी ने पहले महिला को अस्पताल ले जाने की सलाह दी और फिर मौके पर पहुंचकर सावधानी से सांप का रेस्क्यू किया।

करैत जैसा दिखता है, लेकिन जहरीला नहीं

रेस्क्यू के बाद सांप की पहचान कॉमन वुल्फ स्नेक के रूप में हुई। रेस्क्यूअर जितेंद्र सारथी के मुताबिक, यह सांप जहरीला नहीं होता। इसका रंग-रूप करैत से मिलता-जुलता होने के कारण लोग अक्सर इसे जहरीला समझ लेते हैं।

सांप को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे रेस्क्यूअर

सांप को सुरक्षित पकड़ने के बाद जितेंद्र सारथी उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों को बताया कि पकड़ा गया सांप जहरीला नहीं है। इसके बाद महिला और उसके परिवार ने राहत की सांस ली। डॉक्टरों ने भी महिला की हालत ठीक बताई।

घटना में समय पर सूचना मिलने और रेस्क्यू टीम के मौके पर पहुंचने से किसी अप्रिय घटना को टाला जा सका।

Spread the word