विवाद के दौरान लोहे की रॉड से युवक पर हमला, आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज

कोरबा 12 सितंबर। रामपुर निवासी 19 वर्षीय युवक पर विवाद के दौरान लोहे की रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है। पीडित की शिकायत पर करतला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम रामपुर निवासी रूस्तम राठिया 10 सितंबर की रात करीब 8.30 बजे अपने रिश्ते के मामा दुर्गा चौहान के छोटे बेटे की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गया था। इसके बाद वह दुर्गा चौहान और उनके साले रवि निषाद के साथ स्टेडियम ग्राउंड गया, जहां तीनों ने शराब पी। रात करीब 9.30 बजे वापस लौटते समय नरेश श्रीवास के घर के पास रवि निषाद ने रूस्तम को कथित तौर पर गाली देते हुए संबोधित किया। इस पर रूस्तम ने उसे ऐसा संबोधित नहीं करने की बात कही। आरोप है कि इसी बात को लेकर रवि निषाद ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ में रखी लोहे की रॉड से रूस्तम पर हमला कर दिया। हमले में उसके सिर और माथे पर चोट लगी तथा खून निकलने लगा।

घटना को दुर्गा चौहान और उनके बड़े बेटे देवराज चौहान द्वारा देखे जाने की बात शिकायत में कही गई है। घटना के बाद रूस्तम अपने घर पहुंचा और अपनी मां को जानकारी दी। इसके बाद डायल-112 को सूचना दी गई। पुलिस वाहन से उसे शासकीय अस्पताल करतला ले जाकर उपचार कराया गया। उपचार के बाद उसने करतला थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी रवि निषाद के खिलाफ धारा 115(2), 296 एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Spread the word