ज्वेलरी दुकान से 90 लाख का सोना पार: बच्ची के जरिए महिला ने उड़ाए 1200 ग्राम सोने के झुमके, CCTV में कैद हुई वारदात

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में दीपावली की खरीदारी के बीच सराफा बाजार में बड़ी उठाईगिरी की वारदात सामने आई है। संजय मार्केट के पास स्थित मोती ज्वेलर्स से एक महिला करीब 1200 ग्राम सोने के झुमकों से भरा डिब्बा लेकर फरार हो गई। चोरी हुए सोने की कीमत करीब 80 से 90 लाख रुपये आंकी जा रही है। हैरानी की बात यह है कि महिला ने वारदात को अंजाम देने के लिए अपने साथ आई एक बच्ची की मदद ली। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

बच्ची के झोले में रखवाया सोने के झुमकों का डिब्बा

मिली जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 4:30 बजे की है। दीपावली के चलते दुकान में ग्राहकों की आवाजाही लगी हुई थी। इसी दौरान एक महिला दुकान में पहुंची और मौका देखकर आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने लगी। इसके बाद उसने सोने के झुमकों से भरा डिब्बा उठाया और अपने साथ आई बच्ची को पकड़ा दिया। बच्ची ने डिब्बे को अपने झोले में रख लिया। कुछ ही देर बाद महिला और बच्ची दुकान से बाहर निकल गईं।

डिब्बा गायब होने पर मचा हड़कंप, CCTV में खुली पोल

कुछ समय बाद जब दुकान संचालकों को सोने का डिब्बा नहीं मिला तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब डिब्बे का पता नहीं चला तो दुकान में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई। फुटेज में महिला की पूरी गतिविधि सामने आ गई। इसमें महिला पहले आसपास नजर दौड़ाती दिखाई दे रही है और फिर सोने के झुमकों से भरा डिब्बा उठाकर बच्ची को सौंपती नजर आ रही है।

कोतवाली पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही दुकान संचालकों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। महिला और बच्ची की पहचान करने के साथ ही उनके दुकान तक पहुंचने और वारदात के बाद भागने के रास्तों की जानकारी जुटाई जा रही है।

दीपावली के व्यस्त बाजार में इतनी बड़ी चोरी की घटना से सराफा कारोबारियों में चिंता का माहौल है। अब पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान कर चोरी गए सोने की बरामदगी करना बड़ी चुनौती है।

Spread the word