वरिष्ठ पत्रकार रामनारायण जायसवाल का निधन, कटघोरा प्रेस क्लब ने दी श्रद्धाजंलि


कोरबा 24 अगस्त। कटघोरा (मंडी रोड मोहलाइन भाटा) निवासी और लगभग पांच दशकों तक पत्रकारिता में सक्रिय रहे वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व नवभारत प्रतिनिधि रामनारायण जायसवाल (73) का रविवार, 23 अगस्त को तड़के 3 बजे राजनांदगांव में निधन हो गया। वे अपने पुत्र के निवास पर गए हुए थे, जहां अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने से उन्होंने अंतिम सांस ली।

रविवार को ही सुबह 11 बजे कटघोरा के राधासागर मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। अंतिम यात्रा और दाह संस्कार में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं पत्रकारों ने शामिल होकर उन्हें अंतिम विदाई दी। वे अपने पीछे तीन पुत्र, एक पुत्री और भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

दिवंगत पत्रकार के सम्मान में प्रेस क्लब कटघोरा द्वारा केपीएस स्कूल प्रांगण में शोक सभा का आयोजन किया गया। शोक सभा में उपस्थित सदस्यों ने 2 मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

प्रेस क्लब अध्यक्ष सपन जार्ज ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि रामनारायण जायसवाल के निधन से पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। इस दौरान जागेश्वर प्रसाद जायसवाल, शिवशंकर जायसवाल सहित प्रेस क्लब के समस्त सदस्य और स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Spread the word