नारायणपुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, जंगल से हथियारों का जखीरा और 24 लाख रुपये नकद बरामद

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए सर्च ऑपरेशन में जवानों ने दो अलग-अलग स्थानों से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों का बड़ा जखीरा और 24 लाख रुपये नकद बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, टेकला जंगल में चलाए गए सर्च अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने इंसास रायफल, एसएलआर, .303 रायफल सहित भारी मात्रा में गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह हथियार नक्सलियों द्वारा भविष्य में इस्तेमाल के लिए छिपाकर रखे गए थे।
वहीं, छोटेडोंगर क्षेत्र के तोयामेटा जंगल-पहाड़ी में चलाए गए एक अन्य अभियान में जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए 24 लाख रुपये नकद बरामद किए। बरामद राशि को सुरक्षा बलों ने अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार चल रहे सर्च ऑपरेशन के तहत नक्सलियों के छिपाए गए हथियार, विस्फोटक और अन्य संसाधनों की तलाश की जा रही है। हाल के अभियानों में सुरक्षाबलों को लगातार सफलता मिल रही है, जिससे नक्सलियों के नेटवर्क और संसाधनों को कमजोर करने में मदद मिल रही है।
सुरक्षाबलों का सर्च अभियान क्षेत्र में लगातार जारी है और बरामद हथियारों व नकदी के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।
