‘अगले महीने पुतिन और चिनफिंग से मिलने के लिए तैयार’, चीन में त्रिपक्षीय समिट को लेकर बोले ट्रंप

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने सोमवार को संकेत दिया कि वह अगले महीने चीन में रूस के व्लादिमीर पुतिन और चीन के शी चिनफिंग से मिलने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि इस शिखर वार्ता में मुख्य रूप से परमाणु निरस्त्रीकरण पर चर्चा होगी, लेकिन इसमें यूक्रेन युद्ध का मुद्दा भी शामिल हो सकता है। ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की एक बार फिर आलोचना करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि यूक्रेन की ओर से कोई और बातचीत करे। क्रेमलिन ने पहले कहा था कि अगले महीने शेन्जेन में होने वाले एशिया-प्रशांत शिखर सम्मेलन में रूस, चीन और अमेरिका के नेता मिल सकते हैं। इससे पहले वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि पुतिन इन तीनों देशों के बीच बातचीत के जरिए एक ऐसा शांति समझौता कराना चाहते हैं, जो मॉस्को के पक्ष में हो।
ट्रंप ने कहा, “मैं ऐसा यूक्रेन के लिए नहीं करूंगा, क्योंकि सच कहूं तो यूक्रेन के मामले में रूस ने कोई खास कदम नहीं उठाए हैं। हम इसमें परमाणु हथियारों और परमाणु निरस्त्रीकरण के बारे में बात करेंगे।” उनसे पूछा गया था कि क्या वह यूक्रेन पर चर्चा करने के लिए पुतिन और शी के साथ किसी बैठक में शामिल होंगे।
उनसे जब एक बार फिर पूछा गया कि क्या वे शी-पुतिन शिखर वार्ता में यूक्रेन के मुद्दे पर चर्चा करेंगे तो ट्रंप ने जवाब दिया कि वे युद्ध खत्म करने के लिए जो कुछ भी कर सकते हैं, वह करेंगे।
