शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने की सख्त कार्रवाई, 91 लाख की पेनाल्टी

कोरबा 14 जून। जिले में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई के बावजूद मामलों में कमी नहीं आ रही है। वर्ष 2026 में जनवरी से अब तक कोरबा पुलिस ने ऐसे 911 वाहन चालकों को पकड़ा है जो नशे की हालत में वाहन चला रहे थे। यह आंकड़ा न केवल चिंताजनक है, बल्कि सडक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल भी खड़े करता है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में शराब पीकर ड्राइविंग करना इस बात का संकेत है कि कई लोग न तो अपनी जान की परवाह कर रहे हैं और न ही दूसरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर हैं। जिले में एडिशनल एसपी लखन पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी, ट्रैफिक डीएसपी डीके सिंह और निरीक्षक तेज यादव के मार्गदर्शन में विभिन्न स्थानों पर लगातार जांच अभियान चलाए गए। विशेष रूप से नेशनल हाईवे-130, कोरबा-कटघोरा मार्ग और रांची रोड पर ट्रैफिक पुलिस की टीमें सक्रिय रहीं। इन अभियानों के दौरान आधुनिक उपकरणों की मदद से वाहन चालकों की मौके पर जांच की गई। एल्कोमीटर टेस्ट में कई चालकों के शरीर में अल्कोहल की मात्रा अधिक पाई गई, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई की गई। शराब पीकर वाहन चलाने के सभी मामलों को कोर्ट भेजा गया है। प्रत्येक मामले में 10,000 रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया है। इस तरह कुल मिलाकर करीब 91 लाख रुपये का जुर्माना इन मामलों में लगाया गया है।पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि सडक दुर्घटनाओं को रोका जा सके और लोगों में जागरूकता बढ़ाई जा सके।

इंटरसेप्टर वाहन से बढ़ी निगरानी
कोरबा पुलिस को पिछले वर्ष गृह विभाग द्वारा एक आधुनिक इंटरसेप्टर वाहन उपलब्ध कराया गया है, जो कई उन्नत सुविधाओं से लैस है। यह वाहन न केवल ओवरस्पीडिंग पकडने में सक्षम है, बल्कि इसमें हाई-टेक उपकरण भी लगाए गए हैं, जो ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को तुरंत ट्रैक कर लेते हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तकनीक की मदद से अब सडक पर नियम तोडने वालों पर तेजी से कार्रवाई की जा रही है।

Spread the word