संकीर्ण पुलिया बनी दुर्घटनाओं का कारण, हादसों से बढ़ी चिंता

कोरबा 14 जून। कटघोरा मार्ग पर छुरी के समीप स्थित संकीर्ण पुलिया एक बार फिर सडक दुर्घटना का कारण बन गई। बीती रात लगभग 12 बजे के आसपास यहां एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे दूसरे वाहन द्वारा पर्याप्त साइड न दिए जाने की वजह से यह हादसा हुआ।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ समय पहले इस मार्ग की सडक का मरम्मत कार्य तो किया गया था, लेकिन पुलिया को चौड़ा करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। परिणामस्वरूप यह स्थान अब भी एक खतरनाक ‘ब्लैक स्पॉट’ बना हुआ है। इस पुल के पास सडक का मोड़ (टर्निंग) भी काफी तीखा है, जिससे भारी वाहनों और रात के समय गुजरने वाले वाहनों के लिए जोखिम और अधिक बढ़ जाता है। आए दिन यहां छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे स्थानीय लोग और राहगीर लगातार परेशान हैं।
बीती रात हुई घटना में सौभाग्य से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन को नुकसान पहुंचा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि गति अधिक होती या स्थिति थोड़ी और बिगड़ जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों का कहना है कि इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को जल्द से जल्द पुलिया के चौड़ीकरण, उचित साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर और सडक सुरक्षा उपायों की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।
