देह व्यापार का भंडाफोड़: किराए के मकान में चल रहा था सेक्स रैकेट, महिला दलाल सहित 3 गिरफ्तार

रायगढ़। जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देह व्यापार के एक संगठित रैकेट का भंडाफोड़ किया है। छोटे अतरमुड़ा स्थित साईं मंगलम गली किनारे किराए के मकान में अवैध गतिविधियां संचालित होने की सूचना पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर महिला दलाल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में 11 जून 2026 को यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा एवं डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना चक्रधरनगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई थी।

पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त मकान में गुंजन चौहान नामक महिला अवैध आर्थिक लाभ के लिए युवतियों से देह व्यापार करवा रही है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस ने एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर मौके पर भेजा। तय संकेत मिलने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत दबिश दी।

छापेमारी के दौरान एक कमरे में एक महिला और पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए, जबकि दूसरे कमरे में दो महिलाओं के साथ एक अन्य पुरुष मौजूद था। मौके से कुल तीन युवतियों को मुक्त कराया गया।

तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई, वहीं महिला दलाल के पास से पाइंटर द्वारा दिए गए 2,500 रुपये नकद भी जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपी महिला ने किराए का मकान लेकर देह व्यापार संचालित करना स्वीकार किया।

पुलिस ने इस मामले में महिला दलाल गुंजन चौहान, नेहरू चौहान और मीर रविउल के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धाराओं 3, 4 और 5 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे जांच जारी है।

इस कार्रवाई में साइबर सेल और थाना चक्रधरनगर की टीम के कई अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Spread the word