एनएच पर पेड़ गिरने व जल जमाव से आवागमन रहा धंटों बाधित

कोरबा 12 जून। कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाइव पर मोरगा में पेड़ की डंगाल गिरने व पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र में लालघाट के पास जल भराव के कारण आवागमन घंटों बाधित रहा। बाद में वन विभाग एवं पुलिस द्वारा मार्ग पर गिरे पेड़ को हटवाने तथा जल भराव के सामान्य होने पर आवागमन पुनरू शुरू हुआ। इस दौरान वाहन चालक जाम में फंसे रहे और मार्ग के दोनों ओर दोनों स्थानों पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम 5 बजे के लगभग मौसम ने एकाएक करवट ली और आंधी-तूफान के साथ बदली आने के बाद झमाझम बारिश होने लगी। एक घंटे तक चली तेज हवाओं व मूसलाधार बारिश की वजह से जहां जनजीवन प्रभावित हुआ, वहीं कटघोरा अंबिकापुर नेशनल हाइवे 130 पर पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र में लालघाट के पास जल भराव की समस्या उत्पन्न हो गई और मार्ग पर 3 से 4 फीट के लगभग पानी भर गया। वहीं मोरगा क्षेत्र में स्थित वन विभाग के विश्राम गृह के निकट पीपल के पेड़ का विशाल डंगाल तेज हवाओं के कारण टूटकर मुख्य मार्ग पर गिर गया। लालघाट क्षेत्र में मार्ग पर पानी भरने तथा मोरगा में पेड़ गिरने की वजह से मार्ग पर वाहनों की रफ्तार थम गई और आवागमन बाधित होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। नेशनल हाईवे पर दोनों स्थानों पर वाहन चालक फंसे रहे। बाद में वन विभाग व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा मोरगा पर मुख्य मार्ग पर गिरे पेड़ के डंगाल को हटवाने की कार्यवाही की, जिस पर यहां आवागमन सामान्य हुआ और जाम में फंसे चालक अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।

वहीं लालघाट पर बारिश की वजह से भरा पानी धीरे-धीरे कम हुआ और लोग उसे पार कर अपने-अपने गंतव्य की ओर गए। ग्रामीणों ने बताया कि पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र में इस स्थान पर पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई है। फलस्वरूप यहां जलजमाव की स्थिति निर्मित होती है और लोगों को आने-जाने में परेशान भी होना पड़ता है। इधर कोयलांचल गेवरा क्षेत्र में शक्ति नगर के पास भी बारिश व तेज हवाओं के कारण एक पेड़ मुख्य मार्ग पर गिर गया जिससे वहां भी आवागमन बाधित रहा। बाद में मार्ग पर गिरे पेड़ को हटाया गया तब आवागमन सामान्य हुई।

Spread the word