नेशनल हाईवे पर रील का खतरनाक स्टंट, युवती के खिलाफ पुलिस ने की कार्रवाई

कोरबा 28 मई। छत्तीसगढ़ में बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर एक युवती द्वारा चलती कार के सामने रैंप वॉक करने और कार की छत पर चढ़कर रील बनाने का मामला सामने आया है। कोनी थाना क्षेत्र में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है।

वायरल वीडियो में युवती को चलती कार के सामने रैंप वॉक करते हुए, शैंपेन की बोतल से झाग उड़ाते और फिर कार की छत पर चढ़कर अलग-अलग पोज देते हुए देखा जा सकता है। यह पूरा स्टंट देर रात कोनी-तुर्काडीह नेशनल हाईवे बाइपास पर किया गया बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, वीडियो में दिख रही कार का नंबर सीजी 10-सीडी -141 बताया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई और वाहन नंबर के आधार पर मालिक की पहचान कर ली गई। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के स्टंट न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि सड़क पर गंभीर दुर्घटना का कारण भी बन सकते हैं।

ट्रैफिक पुलिस ने मामले में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 135 सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि वाहन को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए आरटीओ को पत्र भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि चलती गाड़ी में सनरूफ या छत पर निकलकर स्टंट करना बेहद खतरनाक है और इससे जान-माल की बड़ी हानि हो सकती है।

यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। इससे पहले भी हाईवे पर रील बनाने और स्टंट करने के कई मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में एक अन्य मामले में बीएमडब्ल्यू कार में तेज रफ्तार के दौरान सनरूफ से बाहर निकलकर डांस करने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने वाहन जब्त कर सख्त कार्रवाई की थी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए जान जोखिम में डालने वाले स्टंट न करें, क्योंकि यह न केवल कानूनन अपराध है बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकता है।

Spread the word