अमरीका और पाकिस्तान में कभी परस्पर भरोसा नहीं रहा: खुलासा

नई दिल्ली. अमरीका और पाकिस्तान में सतही तौर पर भले ही अच्छे रिश्ते दिखा रहे हों, लेकिन हाल ही में हुए डिप्लोमेटिक केबल लीक्स बताती है कि इन दोनों देशों में कभी परस्पर भरोसा नहीं रहा। साल 2022 के एक सीक्रेट दस्तावेज में ये भी सामने आया है कि अमरीका-पाकिस्तान के बीच मतभेद इतने ज्यादा थे कि पाकिस्तान को हमेशा इस बात की शिकायत रही कि अमरीका उसे कश्मीर के मामले पर पूरा समर्थन नहीं देता है। ड्रॉप साइट न्यूज के सीक्रेट लीक्स से साफ होता है कि आतंकवाद के आका पाकिस्तान की हर चाल को नाकाम करते हुए अमेरिका ने कश्मीर मुद्दे पर भारत के खिलाफ जाने से दो टूक इनकार कर दिया था।

लीक दस्तावेज के मुताबिक, 7 मार्च 2022 को वाशिंगटन में अमेरिकी सहायक विदेश मंत्री डोनाल्ड लू और पाकिस्तान के तत्कालीन राजदूत असद मजीद खान के बीच तीखी बहस हुई थी। पाकिस्तानी राजदूत ने अपनी खीझ निकालते हुए अमरीकी अधिकारी से कहा था, ‘वाशिंगटन हर मुद्दे पर इस्लामाबाद से समर्थन की उम्मीद तो करता है, लेकिन जब कश्मीर की बात आती है, तो पाकिस्तान का साथ नहीं देता।’

अमरीका का रणनीतिक नजरियाः अमरीकी अधिकारी डोनाल्ड लू ने स्पष्ट किया कि वाशिंगटन भारत के साथ अपने संबंधों को पूरी तरह चीन के खिलाफ रणनीतिक प्रतिस्पर्धा के चश्मे से देखता है। पाकिस्तानी दूत ने शिकायत की थी कि यूक्रेन युद्ध में तटस्थ रहने के बावजूद अमरीकी सीनेट में भारत के स्टैंड का खुलकर बचाव किया गया, जो अमरीका के दोहरे मापदंड को दर्शाता है। गौरतलब है कि भारत हमेशा से कहता रहा है कि कश्मीर उसका अभिन्न अंग है और इसमें किसी तीसरे पक्ष का हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Spread the word