विदाई से पहले फिर सक्रिय हुआ मानसून, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई से ठीक पहले कई राज्यों में मानसूनी गतिविधियां एक बार फिर से पूरी तरह सक्रिय हो गई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने देश के 24 राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। इनमें से 18 से अधिक राज्यों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज तूफानी हवाओं को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

तटीय और पश्चिमी इलाकों में मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है, जहां गुजरात में 50 किलोमीटर प्रति घंटे और महाराष्ट्र व गोवा में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।

उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है।

बिहार में भारी बारिश का अलर्ट

बिहार में 22 सितंबर को मौसम मिला-जुला रहेगा और कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि 23 सितंबर से मानसूनी बारिश जोर पकड़ेगी। 24 और 25 सितंबर को राज्य के कई जिलों में मूसलाधार बारिश, गरज-चमक और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी दिल्ली में मंगलवार को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। दिन के समय 15 से 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

Spread the word