पांच छात्राओं ने किया फिनाइल का सेवन, बिगड़ी हालत

कोरबा 30 मार्च। कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छुरी में स्थित प्री मैट्रिक आदिवासी छात्रावास में छात्र के सिर पर रसोईया द्वारा वार करने का मामला अभी ठंडा पड़ा नहीं है कि एक दूसरी घटना उजागर हुई। जिले के सीमांत पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के एक सरकारी हॉस्टल की 5 छात्राओं ने फिनाइल पी लिया। उनके द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम की जानकारी होते ही हॉस्टल में हडकम्प मच गया और इन सभी को नजदीकी सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। कुछ घंटे के उपचार उपरांत इन्हें छुट्टी दे दी गई और परिजन अपने साथ ले गए।

जानकारी के अनुसार यह मामला पोड़ी बीईओ कार्यालय के सामने स्थित एकलव्य हॉस्टल (छात्रावास) का है। हॉस्टल में मोबाइल चलाने की बात को लेकर एक ही कक्षा की 5 छात्राओं में आपसी विवाद हुआ था। एक छात्रा को मोबाइल चलाते हुए पकड़ लेने पर उसे फटकारा गया तो उसने दूसरी छात्राओं का हवाला दिया और इस तरह यह छात्राएं आपस में ही लड़ पड़ी। कुछ देर बाद इन्होंने एक-दूसरे से क्षुब्ध हो कर आत्मघाती कदम उठाने की गरज से फिनाईल का सेवन कर लिया।

Spread the word