कोतवाली थाना में तैयार हुआ ई-मालखाना, एक क्लिक में मिलेगी जब्त सामान की जानकारी

कोरबा 24 सितंबर। स्थानीय कोतवाली थाना परिसर के पीछे ई-मालखाना तैयार हो गया है। गुरुवार को दोपहर 2 बजे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा इसका शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही कोतवाली थाना क्षेत्र में जब्त किए जाने वाले सामान के रख-रखाव और रिकॉर्ड प्रबंधन को लेकर पुलिस विभाग में एक नई डिजिटल व्यवस्था जुड़ जाएगी।

कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि विभागीय निर्देश के तहत ई-मालखाना तैयार करने की दिशा में काम शुरू किया गया था, जिसे अब पूरा कर लिया गया है। विभिन्न आपराधिक एवं अन्य मामलों में पुलिस द्वारा जब्त किए जाने वाले सामान को व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखने के साथ-साथ उसकी पूरी जानकारी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह व्यवस्था शुरू की जा रही है। ई-मालखाना व्यवस्था के तहत जब्त सामान का रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से दर्ज किया जाएगा। इससे संबंधित सामग्री की पहचान, प्रामाणिकता और उसके संबंध में आवश्यक जानकारी एक क्लिक पर प्राप्त की जा सकेगी। पुराने तरीके से रिकॉर्ड तलाशने में लगने वाले समय और मेहनत में भी कमी आएगी।

थाना प्रभारी ने बताया कि इस व्यवस्था से पुलिसकर्मियों को जब्त सामान की जानकारी देखने और जरूरत पडने पर उसे आसानी से तलाशने में सुविधा होगी। इससे मालखाना प्रबंधन का काम अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी होने के साथ ही पुलिस के रोजमर्रा के कामकाज में भी समय की बचत होगी। विभागीय स्तर पर डिजिटल रिकॉर्ड के माध्यम से जब्त सामग्री की निगरानी और प्रबंधन को भी अधिक सरल बनाया जा सकेगा।

Spread the word