डॉनल्ड ट्रंप और एलन मस्क के बीच फिर तीखा टकराव, बाजार पर दिखा असर; बदल सकते हैं- अमेरिकी राजनीतिक समीकरण

वॉशिगटन/नई दिल्ली. अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क के बीच फिर तीखा टकराव सामने आया है। इसकी वजह बना है ट्रंप समर्थित ‘बिग ब्यूटीफुल बिल’, जिसे मस्क ने खुले तौर पर ‘अमरीका की आर्थिक बर्बादी का रास्ता’ करार दिया। इसके जवाब में ट्रंप ने मस्क पर तीखा हमला करते हुए कहा कि ‘अगर अमरीकी सरकार की सब्सिडी बंद हो जाए, तो एलन मस्क को अपना बोरिया- बिस्तर समेटकर दक्षिण अफ्रीका लौटना पड़ेगा।’
एलन मस्क ने अमरीकी कांग्रेस से पारित किए गए बजट विधेयक की आलोचना करते हुए कहा कि यह दोनों दलों की मिलीभगत का नतीजा है और इससे अमरीका भारी कर्ज के दलदल में फंस जाएगा। मस्क ने संकेत दिया कि अगर ऐसी ही राजनीति चलती रही, तो वे ‘अमरीका पार्टी’ नाम से एक नया राजनीतिक दल शुरू कर सकते हैं, जिससे मौजूदा डेमोक्रेट-रिपब्लिकन को चुनौती दी जा सके।
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘टूथ सोशल’ पर लिखा, ‘एलन मस्क ने जितनी सब्सिडी ली है, उतनी किसी इंसान ने इतिहास में नहीं ली। अगर सरकार ने उसकी फंडिंग बंद कर दी तो ना टेस्ला बचेगा, ना स्पेसएक्स, ना रॉकेट लॉन्च होंगे और ना इलेक्ट्रिक गाड़ियां बनेंगी। उसे फिर अपने देश दक्षिण अफ्रीका लौटना पड़ेगा।’ इस विवाद के बाद एक बार फिर एलन मस्क और डॉनल्ड ट्रंप खुलकर एक दूसरे के सामने आ गए हैं। वहीं सभी लोगों की निगाहें दोनों पर टिक गई हैं।
टकराव का असर भी दिखा
बाजार में हलचलः
इस सियासी भिड़ंत का असर शेयर बाजार पर भी पड़ा। टेस्ला के शेयर करीब 15% तक गिर गए, जबकि ट्रंप मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ग्रुप के शेयरों में 8% की गिरावट आई।
जनता की प्रतिक्रियाः
सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों के समर्थकों ने एक-दूसरे पर तंज कसे। कुछ मीम्स में मस्क की साइबर ट्रक को जलते हुए दिखाया गया, तो कुछ में ट्रंप को ‘सब्सिडी से जलते हुए’।
सियासी गणित बदले:
ट्रंप के सत्ता में रहते अब एलन मस्क के कारोबारी हितों को झटका लग सकता है, क्योंकि ट्रंप ने साफ संकेत दिए हैं कि वह सरकारी फंडिंग पर पुनर्विचार कर सकते हैं।
