ऑपरेशन सिन्धु:ईरान युद्ध में फंसे भारत के एक हजार विद्यार्थियों की होगी सुरक्षित वतन वापसी

नई दिल्ली. ईरान और इजराइल में पिछले आठ दिन से चल रहे युद्ध के बीच फंसे भारतीय विद्यार्थियों को लेकर तीन और विमान भारत आएंगे। इनमें एक हजार विद्यार्थियों की सुरक्षित वतन वापसी होगी।

आपको बता दें कि ईरान ने भारतीय नागरिकों के लिए विशेष मानवीय रुख दिखाते हुए अपना हवाई मार्ग खोलने का फैसला किया है, जो युद्ध की शुरुआत के बाद से बंद है। इस संकट के समय ईरान का यह कदम बेहद महत्त्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, यह निर्णय भारत-ईरान कूटनीतिक सहयोग का एक उदाहरण है।

भारत सरकार ने ईरान-इजराइल युद्ध में फंसे अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए ऑपरेशन सिंधु चलाया है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, पहली फ्लाइट शुक्रवार रात 11 बजे दिल्ली पहुंची। इसके बाद दो और उड़ानों से अन्य छात्रों को वापस लाया जाएगा। इन उड़ानों के ज़रिए मेडिकल की पढ़ाई कर रहे स्टूडेंट, खासकर ईरान के उर्मिया विश्वविद्यालय में पढ़ रहे युवा भारत लौटेंगे।

याद रहे कि इससे पहले, 110 छात्रों को उत्तरी ईरान से सड़क मार्ग के माध्यम से अर्मेनिया ले जाया गया था, जहां से वे विशेष विमान द्वारा गुरुवार को दिल्ली पहुंचे। इस पूरे अभियान में अर्मेनिया सरकार और भारतीय दूतावास की भी अहम भूमिका रही।

Spread the word