लग्जरी कार की जिद में नाबालिग ने रची खुद के अपहरण की साजिश, पिता से मांगी 5 लाख की फिरौती

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में खुद के अपहरण की साजिश रचकर पिता से 5 लाख रुपये की फिरौती मांगने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि इस पूरी घटना के पीछे कोई अपहरणकर्ता नहीं, बल्कि खुद नाबालिग बेटा था। वह परिवार से लग्जरी कार खरीदने की जिद कर रहा था। जब माता-पिता ने उसकी मांग पूरी नहीं की, तो उसने क्राइम शो और वेब सीरीज से प्रेरित होकर खुद की किडनैपिंग की झूठी कहानी तैयार कर दी। पुलिस ने कुछ ही घंटों में उसे सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

कार की जिद पूरी नहीं हुई तो बनाई अपहरण की कहानी

मामला बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, नाबालिग पिछले कुछ दिनों से अपने माता-पिता से कार खरीदने की जिद कर रहा था। परिजनों ने उसकी उम्र और जरूरत को देखते हुए मांग पूरी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने परिवार पर दबाव बनाने के लिए खुद के अपहरण की झूठी कहानी रचने का फैसला किया।

पिता के मोबाइल पर भेजा 5 लाख की फिरौती का मैसेज

घटना के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 9 बजे नाबालिग अपनी स्कूटी से ट्यूशन जाने के लिए घर से निकला था। करीब डेढ़ घंटे बाद सुबह 10:30 बजे उसके ही मोबाइल नंबर से पिता के फोन पर मैसेज आया। इसमें अपहरण होने की बात कहते हुए उसे सुरक्षित छोड़ने के एवज में 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी।

मैसेज मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। घबराए पिता सुबह करीब 11:30 बजे रतनपुर थाने पहुंचे और बेटे के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई।

एएसपी और ACCU की टीम ने शुरू की तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी मधुलिका सिंह के नेतृत्व में पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की टीम को जांच में लगाया गया। साइबर सेल ने नाबालिग के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया।

जांच के दौरान ग्राम चौरहा देवरी स्थित एक तालाब के पास नाबालिग की स्कूटी लावारिस हालत में मिली। मोबाइल टावर की आखिरी लोकेशन भी इसी इलाके के आसपास मिली थी। इसके बाद पुलिस ने चौरहा देवरी और आसपास के जंगल व ग्रामीण क्षेत्रों में तलाश तेज कर दी।

शाम 4 बजे खुद पिता को किया फोन, सेलर में मिला नाबालिग

पुलिस की तलाश के बीच शाम करीब 4 बजे नाबालिग ने खुद अपने पिता को फोन किया। उसने बताया कि वह ग्राम सेलर में है और सुरक्षित है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे सकुशल अपने संरक्षण में लेकर थाने आई।

पूछताछ में खुला राज, वेब सीरीज देखकर रची थी साजिश

थाने में पुलिस और परिजनों की पूछताछ के दौरान नाबालिग ने पूरी कहानी बताई। उसके मुताबिक, वह हर हाल में कार खरीदना चाहता था। परिवार के इनकार करने पर उसने वेब सीरीज और क्राइम शो देखकर खुद के अपहरण की पटकथा तैयार की।

उसने अपनी स्कूटी तालाब के पास छोड़ दी, ताकि परिजनों को लगे कि उसके साथ कोई अनहोनी हुई है। इसके बाद पिता के मोबाइल पर 5 लाख रुपये की फिरौती का मैसेज भेज दिया।

पुलिस ने काउंसिलिंग के बाद परिजनों को सौंपा

रतनपुर पुलिस ने नाबालिग और उसके परिजनों की काउंसिलिंग कराई और बालक को परिवार के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों के मोबाइल इस्तेमाल, ऑनलाइन कंटेंट और उनकी गतिविधियों पर ध्यान दें, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Spread the word