दो गाड़ियों में भिड़ंतः स्कूल गाड़ियों सहित आम वाहन कई घंटें फंसे, परेशान हुए लोग

कोरबा, 2 नवम्बर। कोरबा जिले की जर्जर हो चुकी सडकों को ठीक करने के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं। सुधार कार्य के कारण आसपास के रास्ते बाधित है। कोरबा शहर के भीतर से भारी वाहनों का परिचालन जारी है। इस बीच सोमवार को सुबह दो ट्रांसपोर्ट करियर्स की टक्कर के बाद रामनगर बाईपास पर लंबा जाम लग गया। इस दौरान विद्यार्थियों से लेकर आम लोग जमकर परेशान हुए।
आज सुबह 5.30 बजे के आसपास बायपास रोड पर हादसा हुआ। अपने डेस्टिनेशन पर कोयला अनलोड करने के बाद एक मालवाहक कोरबा लौट रहा था। कोरबा के रामनगर बाईपास क्षेत्र में इसकी टक्कर दूसरी गाड़ी से हो गई जो पहले से यहां पर खड़ी हुई थी। दो गाडियों के टकराने से रास्ता बुरी तरह से बाधित हो गई। कुछ ही देर में दो दिशा में सैकड़ो गाडियों की लाइन लग गई। रामनगर से लेकर इमलीडुग्गु और इधर अंजलि कुंज हनुमान मंदिर तक केवल कोयला गाडियां ही नजर आई। मौके पर जाम लगने से सुबह स्कूल के लिए निकले विद्यार्थी और उनकी गाडियां रास्ते में फंसी रही। सिनेरिओ इस तरह का रहा की फसी गाडियां आगे तो नहीं बढ़ सकी लेकिन काफी मशक्कत के बाद उन्हें पीछे की तरफ किसी तरह वापस कराया जा सका। शेड्यूल बिगडने के बाद स्कूल गाडियां अपने निर्धारित पॉइंट्स तक जा सकी।
कोरबा शहर पहले से ही ट्रैफिक से संबंधित चुनौतियां से जूझ रहा है और ऐसे भी सडकों की बदहाल जर्जर स्थिति के बीच उनके निर्माण का कार्य प्रशासन की दखल के बाद शुरू किया गया है। ऐसे में एक बार फिर से बाईपास रोड से होकर भारी गाडियों को चलाना पड़ रहा है और ऐसे में जब कभी हादसा होता है तो फिर समस्या हर किसी को परेशान करती है।
