बांकीमोंगरा-सुतर्रा मार्ग में प्रकाश व्यवस्था कराने पार्षद अश्विनी ने कलेक्टर से की पहल

कोरबा, 31 अक्टूबर। कोरबा जिले की सबसे बड़ी नगर पालिका बांकीमोंगरा से इंदिरा नगर, सिंघाली एवं ढेलवाडीह होते हुए सुतर्रा तक जाने वाले मार्ग पर जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्ट्रीट लाइट जरूरी हो गई है। वार्ड क्रमांक 13, कटाईनार-1 के पार्षद एवं राजस्व एवं बाजार समिति के सभापति अश्विनी कुमार मिश्रा ने कोरबा जिलाधीश को पत्र सौंपकर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
पार्षद अश्विनी द्वारा दिए गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के आवागमन के लिए महत्वपूर्ण है। इस रास्ते से कोयला परिवहन करने वाले भारी वाहन, एसईसीएल की सुरक्षा में लगे वाहनों तथा अन्य वाहनों का नियमित आवागमन होता है। इसके अलावा शिक्षक, विद्यार्थी, कोल कर्मचारियों,विभिन्न विभागों के कर्मचारी और आम नागरिक भी इसी मार्ग का उपयोग करते है। पत्र के अनुसार, शाम होते ही अंधेरा छा जाने के कारण मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पर्याप्त रोशनी नहीं होने से भारी वाहनों की आवाजाही के बीच दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। विशेष रूप से ठंड, बरसात के मौसम में अंधेरे के कारण सडक पर चलना और अधिक जोखिमपूर्ण हो जाता है। क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है। मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था होने से दुर्घटनाओं की आशंका कम करने और रात के समय आवागमन को सुरक्षित बनाने में मदद मिल सकती है।
बांकीमोंगरा से इंदिरा नगर, सिंघाली एवं ढेलवाडीह होते हुए सुतर्रा तक जाने वाला यह मार्ग आसपास के क्षेत्रों को जोडने के साथ-साथ कोयला परिवहन और एसईसीएल से संबंधित गतिविधियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में इस मार्ग पर रोशनी की उचित व्यवस्था करना आवश्यक बताया गया। पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा ने जिलाधीश से आग्रह किया है कि जनहित एवं सडक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बांकीमोंगरा से सुतर्रा तक के मार्ग पर आवश्यकतानुसार स्ट्रीट लाइट लगाने की दिशा में शीघ्र पहल की जाए, ताकि क्षेत्र के नागरिकों को अंधेरे से होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।
