कोरबा व करतला रेंज में हाथियों ने फसलों को पहुंचाया नुकसान, ग्रामीणों में आक्रोश

कोरबा, 28 अक्टूबर। जिले के कोरबा एवं करतला रेंज में बड़ी संख्या में (49) हाथी घूम रहे हैं। हाथियों के समूह ने बीती रात उत्पात मचाते हुए जहां घोटमार गांव में 5 ग्रामीणों की फसल को चौपट कर दिया। वहीं लबेद गांव में भी 5 किसानों की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार कोरबा रेंज के गेरांव गांव में 39 की संख्या में अचानक पहुंचे हाथियों ने जहां घोटमार पहुंचकर उत्पात मचाया, वहीं करतला रेंज के लबेद क्षेत्र में पहाड़ पर मौजूद 10 हाथियों का दल भी बीती रात पहाड़ से नीचे उतर गया और लबेद गांव में खेतों में पहुंचकर जमकर उत्पात मचाया। 39 हाथियों का दल अभी गेरांव में विश्राम कर रहा है वहीं लबेद क्षेत्र में मौजूद हाथी गांव के पास ही मंडरा रहे हैं। बड़ी संख्या में हाथियों के विचरण करने से ग्रामीणों को खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए वन विभाग ने सतर्कता बरतते हुए निगरानी तेज कर दी है। हाथियों की मौजूदगी वाले गेरांव, लबेद व आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सजग किया जा रहा है, वहीं उन्हें हाथियों से दूरी बनाए रखने की सलाह भी दी जा रही है।

Spread the word