सड़कों को बेहतर और सुगम बनाने डामरीकरण का काम शुरू, मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर ने किया निरीक्षण

कोरबा, 25 अक्टूबर। शहर की प्रमुख सड़कों को बेहतर और सुगम बनाने के लिए डामरीकरण का काम शुरू हो गया है। नगर निगम क्षेत्र के 20 प्रमुख मार्गों के डामरीकरण के लिए 24 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इसी क्रम में आज उद्योग, वाणिज्य एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने सोनालिया पुल से ओवरब्रिज मार्ग पर चल रहे डामरीकरण कार्य का निरीक्षण किया।

उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से नगर निगम क्षेत्र के 20 प्रमुख मार्गों के डामरीकरण के लिए राशि स्वीकृत की गई है। इन कार्यों का भूमिपूजन 19 अक्टूबर को कोसाबाड़ी चौक पर किया गया था। भूमिपूजन के बाद अब डामरीकरण का काम शुरू हो गया है। इसी कड़ी में सोनालिया पुल से ओवरब्रिज मार्ग पर सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया है।

गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मंत्री लखन लाल देवांगन ने अधिकारियों से कहा कि सभी स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि सड़कों की स्थिति में सुधार होने के साथ नागरिकों को लंबे समय तक सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क निर्माण का काम व्यवस्थित ढंग से कराया जाए और निर्माण के दौरान आम नागरिकों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी न हो। अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप डामरीकरण सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया।

कोरबा शहर के 20 प्रमुख मार्गों के डामरीकरण के लिए स्वीकृत राशि से सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की योजना है। इन मार्गों पर काम पूरा होने के बाद नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलने और यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। फिलहाल सोनालिया पुल से ओवरब्रिज मार्ग पर डामरीकरण का काम शुरू होने के साथ निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव, प्रभारी कार्यपालन अभियंता श्रीमती रुचि वर्मा, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, चंद्रलोक सिंह, मुकुंद कंवर, प्रफुल्ल तिवारी और योगेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the word