चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी आग: भाई-बहन ने कूदकर बचाई जान, वीडियो वायरल

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के भिलाईबाजार क्षेत्र में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। स्कूटी से पहले धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते वाहन आग की लपटों से घिर गया। उस समय स्कूटी पर सवार भाई-बहन ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

भिलाईबाजार तालाब के पास स्कूटी में लगी आग

जानकारी के मुताबिक, कटकीडबरी निवासी पीयूष कंवर अपनी बहन के साथ कुसमुंडा से घर लौट रहे थे। इसी दौरान जब वे भिलाईबाजार तालाब के पास पहुंचे, तो अचानक उनकी इलेक्ट्रिक स्कूटी से धुआं निकलने लगा। शुरुआत में धुआं कम था, लेकिन कुछ ही देर में यह तेजी से बढ़ने लगा और स्कूटी में आग भड़क उठी।

देखते ही देखते जलकर खाक हुई स्कूटी

स्कूटी में आग लगते ही भाई-बहन घबरा गए। दोनों ने किसी तरह वाहन से नीचे उतरकर खुद को सुरक्षित किया। उनके हटते ही आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक स्कूटी बुरी तरह जल चुकी थी। हादसे के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहत की बात रही कि भाई-बहन को कोई गंभीर चोट नहीं आई और समय रहते वाहन से उतर जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया।

कुछ दिन पहले कटघोरा में भी इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी थी आग

कोरबा जिले में इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की यह पहली घटना नहीं बताई जा रही है। कुछ दिन पहले कटघोरा कॉलेज के पास भी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की घटना सामने आई थी। उस दौरान भी स्कूटी पर सवार परिवार बाल-बाल बचा था।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। हालांकि, भिलाईबाजार में स्कूटी में आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हुआ है। आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Spread the word