नई डामर सड़क पर पानी डालने वालों पर निगम ने की कार्रवाई

कोरबा, 23 अक्टूबर। नगर पालिक निगम कोरबा ने नई डामर सडक पर पानी डालकर उसे नुकसान पहुंचाने के मामले में सख्त कार्रवाई की है। निगम ने वार्ड क्रमांक 26 में सडक किनारे रहने वाले पांच लोगों पर कुल 4400 रुपये का अर्थदंड लगाया है। नई सडक पर पानी जमा होने से उसके किनारे उखडने लगे थे, जिसके बाद निगम प्रशासन ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वार्ड क्रमांक 26 में मेडिको से दादर नाला हनुमान मंदिर तक लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से सडक डामरीकरण का कार्य कराया गया है। सडक निर्माण का उद्देश्य क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है। डामरीकरण कार्य पूरा होने के बाद सडक किनारे स्थित मकानों में रहने वाले पांच व्यक्तियों द्वारा नई सडक पर पानी डाला गया। इससे सडक पर जलजमाव की स्थिति निर्मित हो गई और सडक के किनारे उखडने लगे। नई सडक को नुकसान पहुंचने का मामला सामने आने पर नगर निगम ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 4400 रुपये का अर्थदंड लगाया।
नगर निगम की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर प्रशासन की नजर है। करोड़ों रुपये की लागत से बनाई जा रही सडकों की सुरक्षा और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नागरिकों की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण है। नई डामर सडक पर पानी का जमाव होने से उसकी मजबूती और टिकाऊपन प्रभावित हो सकता है।
आयुक्त आशुतोष पांडे ने अपील किया हैं कि नवीन सडकों में पानी की वजह से सडके खराब होती है इसलिए आम लोगों से अपील है कि जहां-जहां पर सडक डामरीकरण हो रहा है उसके आस पास सडक किनारे स्थित मकान मालिकों से अपील है कि आप लोग घरों के आगे पानी डालकर पानी का जमाव न करे
