मॉडल श्रद्धा दुबे केस में अब आईपीएस विक्रांत वीर नपे, भारी किरकिरी के बाद 24 घंटे में दूसरा

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार मॉडल श्रद्धा दुबे के मामले में भारी किरकिरी के बाद अब आईपीएस अधिकारी विक्रांत वीर पर गाज गिरी है। उन्हें पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) के पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबंद्ध कर दिया गया है। 50 हजार की इनामी श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी नहीं होने पर 12 घंटे में ही दूसरा बड़ा ऐक्शन हुआ है। विक्रांत वीर से कुछ घंटे पहले लखनऊ के सबसे हाईप्रोफाइल थाने हजरतगंज के इंचार्ज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को हटाकर लाइन हाजिर किया गया था। शिवा की मौत के दस दिन बाद भी पुलिस श्रद्धा तक नहीं पहुंच पाई है, जबकि मीडिया के कैमरे उस तक पहुंच गए।

कारोबारी शिवा शर्मा की हत्या की मौत में फरार मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश उर्फ तनवीर की गिरफ्तारी में विफल रहने पर रविवार देर रात पुलिस उपायुक्त मध्य विक्रांत वीर को हटाने का आदेश जारी हुआ। इससे पहले दोपहर में इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह को कोतवाली से हटाकर लाइन हाजिर किया गया था। हत्यारोपी श्रद्धा उसकी बहन और ड्राइवर गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम की राशि भी रविवार को ही 25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी थी।

श्रद्धा का इंटरव्यू वायरल होते ही ऐक्शन शुरू

श्रद्धा दुबे ने अपने बचाव में पहले कई वीडियो सोशल मीडिया पर डाले थे। इसके बाद एएनआई न्यूज एजेंसी को इंटरव्यू भी दे दिया। उसका इंटरव्यू टीवी चैनलों पर आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वीडियो से पता चला कि श्रद्धा लखनऊ में ही है। इसके बाद भी पुलिस उसकी गिरफ्तारी नहीं कर सकी। वीडियो वायरल हुआ तो लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की भारी किरकिरी हो गई। इस पर पहले इंस्पेक्टर विक्रम सिंह फिर आईपीएस विक्रांत पर गाज गिर गई।

Spread the word