ओपन थिएटर में श्रीरामलीला एवं दशहरा उत्सव का शुभारंभः उद्योग मंत्री ने जीवन का सार बताया रामलीला को

कोरबा, 16 अक्टूबर। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा घंटाघर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन थियेटर मैदान में आयोजित श्रीरामलीला एवं दशहरा उत्सव का शुभारंभ उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्रीरामचरित मानस और रामलीला जीवन की सम्पूर्ण पाठशाला हैं। भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात कर अन्याय और अधर्म के विरुद्ध खड़े होना तथा जनकल्याण के मार्ग पर चलना ही जीवन का वास्तविक उद्देश्य है।

मंत्री देवांगन ने कहा कि भावी पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, सनातन धर्म और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन आदर्शों से परिचित कराना आवश्यक है। रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन में मर्यादा, कर्तव्य और रिश्तों की गरिमा का संदेश देने वाला माध्यम है। कार्यक्रम में महापौर संजूदेवी राजपूत, विद्याभारती मध्य क्षेत्र के उपाध्यक्ष जुड़ावन सिंह ठाकुर, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी सहित पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने ऐसे आयोजनों को सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना के लिए महत्वपूर्ण बताया। उत्सव के पहले दिन राम जन्म, शिव-पार्वती संवाद, रावण तप, ताडका वध और अहिल्या उद्धार का मंचन किया गया। 16 से 19 अक्टूबर तक राम-सीता विवाह, राम वनगमन, भरत मिलाप, सीता हरण, राम-हनुमान मिलन, लंका दहन और रावण वध सहित रामायण के प्रमुख प्रसंगों का मंचन होगा। 20 अक्टूबर को रावण दहन के साथ उत्सव का समापन होगा।

Spread the word