मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति द्वारा शरदोत्सव को होगी श्रीरामचरित मानस चौपाई प्रतियोगिता 25 को

कोरबा, 16 अक्टूबर। मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति एवं महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में 25 अक्टूबर को रात्रि 8 बजे से परशुराम भवन में श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रतियोगिता चार आयु वर्गों में होगी तथा महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग प्रतिस्पर्धा रखी गई है।
प्रतिभागियों को चौपाई का सस्वर वाचन, अर्थ-भावार्थ और उससे मिलने वाली जीवनोपयोगी शिक्षा प्रस्तुत करनी होगी। प्रतियोगिता निःशुल्क है। पंजीयन 25 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे तक कराना अनिवार्य है। कार्यक्रम संयोजक डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया शरदोत्सव के तहत 23 अक्टूबर को बच्चों के लिए कुर्सी दौड़, बुझो तो जानें और चम्मच दौड़ तथा 24 अक्टूबर को महिलाओं के लिए अन्नकूट की थाली, श्रीनाथ जी की रंगोली एवं आंगन मंडना प्रतियोगिताएं होंगी। समिति अध्यक्ष कैलाश शर्मा और महिला मंडल अध्यक्ष रेणु पुजारी ने समाज के सभी सदस्यों से आयोजन में भाग लेने की अपील की है।
