फ्लेक्सी हटाने पर बवाल: पोस्टर में फोटो नहीं होने पर नगर पालिका अध्यक्ष पर लगे गंभीर आरोप

आरंग। धर्मनगरी आरंग में शारदीय नवरात्रि के पहले ही दिन से धार्मिक और राजनीतिक माहौल गरमा गया है। श्री सार्वजनिक नवदुर्गोत्सव समिति महामाया पारा (बड़ी दुर्गा मां) द्वारा आयोजित होने वाले जगराता कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार फ्लेक्सी (होर्डिंग्स) को हटाए जाने के बाद विवाद गहरा गया है। आयोजक समिति ने नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन पर दुर्भावनावश होर्डिंग्स हटवाने का आरोप लगाया है, जिसके बाद आक्रोशित नागरिक और समिति पदाधिकारी पुलिस थाने पहुंचकर FIR दर्ज करने की मांग पर अड़ गए हैं।
महामाया पारा (बड़ी दुर्गा माँ) समिति द्वारा पंचमी के पावन पर्व पर पद्मश्री अनुज शर्मा के विशेष जगराता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन समिति के संरक्षक एवं कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब के मार्गदर्शन में होना तय हुआ है। कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए समिति सदस्य दीपक सोनी ने अपने निजी खर्च से नगर के गौरवपथ (श्रीराम तिराहा से तहसील कार्यालय तक) में स्ट्रीट लाइट के खंभों पर लगभग 50 से अधिक फ्लेक्सी व प्लेक्स लगवाए थे। इन फ्लेक्सी में कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब, विधायक अनुज शर्मा, समिति अध्यक्ष लल्ला साहनी और दीपक सोनी की तस्वीरें छपी थीं।
समिति के पदाधिकारियों का आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, जो स्वयं समिति के संरक्षक थे, फ्लेक्सी में अपनी तस्वीर न देखकर क्षुब्ध हो गए। आरोप है कि उन्होंने समिति के सदस्यों को शाम 5 बजे तक का अल्टीमेटम दिया था। इसके बाद जब समिति के सदस्य मूर्ति लाने के लिए नवागांव गए हुए थे, उसी दौरान उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर नगर पालिका कर्मियों द्वारा सभी फ्लेक्सी उतरवा दिए गए।
कचरा गाड़ी में फ्लेक्सी डालने का वीडियो वायरल, भड़का आक्रोश
मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें नगर पालिका के कचरा वाहन में माँ दुर्गा और कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की तस्वीरों वाली फ्लेक्सी को फाड़कर फेंकते हुए देखा गया। इस घटना से नगरवासियों और माँ दुर्गा के भक्तों में भारी रोष व्याप्त हो गया है। लोगों का कहना है कि धार्मिक आयोजन के प्रचार सामग्री का इस तरह अपमान करना नगर की सबसे बड़ी देवी माँ का तिरस्कार है और ऐसे पवित्र आयोजन पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
