कोरबा विशेष-संक्षिप्त समाचार

सेवा संकल्प अभियान के तहत बालको जोन में लगेगा सेवा सेतु शिविर 10 अक्टूबर को

उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन होंगे शामिल

कोरबा, 09 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा 10 अक्टूबर को बालको जोन में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इसका उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं एवं आवेदनों के निराकरण में सहायता करना है। सेवा सेतु शिविर में उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन शामिल होंगे।

शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, खाद्य, महिला एवं बाल विकास, श्रम, समाज कल्याण, विद्युत, सहकारिता, कौशल विकास, उद्योग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, परिवहन सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। नागरिक संबंधित सेवाओं की जानकारी ले सकेंगे और अपनी आवश्यकता के अनुसार आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।

नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी समस्या या आवेदन से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाएं।

……………..

दिशा प्रोजेक्ट के अंतर्गत अतिथि शिक्षकों की भर्ती के लिए वॉक-इन इंटरव्यू 10 अक्टूबर को

कोरबा, 09 अक्टूबर 2026/ जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, कोरबा द्वारा दिशा प्रोजेक्ट के अंतर्गत अतिथि शिक्षकों के अस्थायी नियोजन के लिए 10 अक्टूबर 2026 को वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीवविज्ञान, गणित, हिंदी और अंग्रेजी विषयों में एक-एक अतिथि शिक्षक का चयन किया जाएगा।

इंटरव्यू के लिए पंजीयन सुबह 10.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा। दोपहर 12 बजे के बाद साक्षात्कार लिया जाएगा। आयोजन स्थल एसईसीबी, कोरबा स्थित हिंदी माध्यम विद्यालय निर्धारित है।

संबंधित विषय में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातकोत्तर, बी.एड. तथा विद्यालय में पीजीटी के रूप में कम से कम 7 वर्ष का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयन दस्तावेज सत्यापन, शैक्षणिक एवं अनुभव के अंकों, डेमो अध्यापन और संरचित साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। चयनित अतिथि शिक्षक को शर्तों के अधीन अधिकतम 10 माह तक ₹35,000 प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।

अभ्यर्थियों को मूल प्रमाण-पत्र, स्वप्रमाणित प्रतियां, फोटो, पहचान-पत्र और निर्धारित आवेदन प्रारूप साथ लाना होगा। विस्तृत दिशा-निर्देश और आवेदन प्रारूप korba.gov.in    वेबसाइट तथा कार्यालय के सूचना पटल पर उपलब्ध हैं। किसी भी स्तर पर अपात्रता या गलत जानकारी मिलने पर अभ्यर्थिता निरस्त की जा सकती है।

……………….

10 अक्टूबर को स्वच्छता कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक

कोरबा, 09 अक्टूबर 2026/ राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग, भारत सरकार के उपाध्यक्ष श्री कैशब बिहारी की अध्यक्षता में 10 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, कोरबा में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में स्वच्छता कर्मचारी एवं सफाई कर्मचारी एसोसिएशन के प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

……………..

जिले के सहकारी समितियों में  एग्रीस्टेक पंजीयन एवं खसरा अद्यतन हेतु 21 अक्टूबर तक विशेष अभियान

कोरबा 09 अक्टूबर 2026/ खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 अंतर्गत पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का कार्य 15 अक्टूबर से संभावित हैै। शासन के निर्देशानुसार खरीफ वर्ष 2026-27 हेतु 31 अक्टूबर तक किसान पंजीयन का कार्य सहकारी समितियों के माध्यम से किया जा रहा हैै। किसान पंजीयन से पूर्व किसानों को एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन कराना आवश्यक है। एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन उपरांत की नवीन किसान पंजीयन की कार्यवाही की जा सकेगी। इसी प्रकार खरीफ वर्ष 2025-26 में पंजीकृत किसानों को पुनः पंजीयन कराने की आवश्यकता नही होगी। पूर्व में पंजीकृत किसानों द्वारा सहकारी समितियों में जाकर पंजीकृत रकबा एवं खसरा का मिलान करा लिया जावे।  किसान पंजीयन में पंजीकृत रकबा एंव खसरा मिलान नहीं होने की स्थिति में एग्रीस्टेक पंजीयन में खसरा अद्यतन कराने की कार्यवाही एग्रीस्टेक पोर्टल के माध्यम से किया जावे।

              जिले के सभी 60 सहकारी समितियों में किसान पंजीयन हेतु दिनांक 21 अक्टूबर तक विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिस हेतु किसानों से अपील किया गया है कि खरीफ वर्ष 2026-27 अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान विक्रय हेतु एग्रीस्टेक पंजीयन कराते हुए 21 अक्टूबर 2026 तक आयोजित विशेष शिविर में जाकर अपना किसान पंजीयन की कार्यवाही की जावे।

…………………

Spread the word