शौचालय जाने के बहाने थाने से फरार हुआ आरोपी, 3 दिन बाद आधी रात घर से गिरफ्तार

कोरबा 27 सितंबर। पसान थाना परिसर से पुलिस को चकमा देकर फरार हुए छेड़छाड़ के आरोपी को पुलिस ने तीन दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए दिन में जंगल में छिपता था और रात के समय चोरी-छिपे अपने घर पहुंचता था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 25 सितंबर की आधी रात उसके घर की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान खीरचंद पिता रामचरण (40 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पसान थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसके खिलाफ पहले से छेड़छाड़ का मामला दर्ज था। मामले में न्यायालय की ओर से उसके खिलाफ स्थायी वारंट भी जारी किया गया था।
पुलिस ने आरोपी को 22 सितंबर को गिरफ्तार कर थाने लाया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने शौचालय जाने की बात कही। पुलिसकर्मियों ने उसे शौचालय जाने की अनुमति दी, लेकिन वह काफी देर तक वापस नहीं लौटा। पुलिसकर्मियों ने जब उसकी तलाश शुरू की तो पता चला कि आरोपी थाने से फरार हो चुका है। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी।
थाने से फरार होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अभिरक्षा से भागने का अलग मामला दर्ज किया। उसकी तलाश में पुलिस टीम ने आसपास के जंगलों, उसके घर और संभावित ठिकानों पर निगरानी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी दिन के समय जंगल में छिपा रहता है और रात में चोरी-छिपे अपने घर पहुंचता है। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए उसके घर और आसपास के इलाकों पर नजर रखना शुरू कर दिया।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 25 सितंबर की आधी रात आरोपी के घर की घेराबंदी कर दी। जैसे ही वह घर पहुंचा, पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
