पत्थर से सिर कुचलकर महिला की हत्या

कोरबा 23 सितंबर। जिले के वनांचल क्षेत्र पसान में 24 घंटे के भीतर हत्या की दो वारदातों से हड़कंप मच गया है। मंगलवार को जमीन विवाद में एक युवक द्वारा अपने बुजुर्ग चाचा की हत्या किए जाने के बाद अब लैंगा पंचायत के लाकड़हा गांव में 25 वर्षीय महिला की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या का मामला सामने आया है। लगातार दो हत्याओं के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह ग्राम पंचायत लैंगा के लाकड़हा गांव में ग्रामीणों ने एक महिला की लहूलुहान लाश देखी। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल पसान पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मृतका की पहचान 25 वर्षीय सुकमनिया एक्का के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर पत्थर से वार किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस हत्या की वजह और आरोपी की पहचान को लेकर जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि सुकमनिया एक्का की हत्या किसने और किस वजह से की। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला आखिरी बार किन लोगों के संपर्क में थी और वारदात से पहले उसके साथ क्या हुआ था। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की वजह और आरोपी के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
पसान थाना क्षेत्र में यह 24 घंटे के भीतर हत्या की दूसरी वारदात है। इससे एक दिन पहले मंगलवार को ग्राम पिपरिया में जमीन विवाद को लेकर एक युवक ने अपने बुजुर्ग चाचा पर टंगिया से हमला कर दिया था। हमले में बुजुर्ग की मौत हो गई थी। वारदात के बाद आरोपी भतीजे के फरार होने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस इस मामले में भी आरोपी की तलाश कर रही है।
पसान के वनांचल क्षेत्र में लगातार दो दिनों में हत्या की दो घटनाएं सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। एक ओर जमीन विवाद में बुजुर्ग की हत्या हुई, वहीं दूसरी ओर अब 25 वर्षीय महिला की हत्या ने ग्रामीणों को सकते में डाल दिया है।
फिलहाल पुलिस के सामने सुकमनिया एक्का की हत्या की गुत्थी सुलझाना और आरोपी तक पहुंचना सबसे बड़ी चुनौती है। पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद ही वारदात की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।
