आर्ट ऑफ लिविंग के 6 दिवसीय हैप्पीनेस कोर्स का भजन-कीर्तन और सत्संग के साथ हुआ समापन हुआ


कोरबा 22 सितंबर। दीपका-गेवरा के ऊर्जा नगर स्थित रिक्रिएशन क्लब में चल रहे आर्ट ऑफ लिविंग के 6 दिवसीय हैप्पीनेस कोर्स का भजन-कीर्तन और सत्संग के साथ समापन हुआ। 138 लोगों ने योग, ध्यान, प्राणायाम और सुदर्शन क्रिया का प्रशिक्षण लिया। समापन में जीएम माइनिंग नागेंद्र साहू मुख्य अतिथि थे।

आध्यात्मिक गुरु रविशंकर की प्रेरणा से आयोजित इस प्रशिक्षण में एसईसीएल के कर्मचारी, श्रमिक और उनके परिजन शामिल हुए। छह दिनों तक प्रतिभागियों को योग, ध्यान, प्राणायाम और सुदर्शन क्रिया का अभ्यास कराया गया। संचालन योग शिक्षक गुलाब देशमुख ने किया। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव भी साझा किए। श्रीमती राय ने बताया कि उन्हें अस्थमा की समस्या है और सुदर्शन क्रिया का अभ्यास करने से उन्हें राहत महसूस हो रही है। उन्होंने कहा, ‘मुझे अस्थमा है, मुझे बहुत फर्क हो रहा है। मैं पहले इनहेलर लेती थी। कल इनहेलर लेना भूल गई। सुदर्शन क्रिया बहुत अच्छी है। योग शिक्षक गुलाब देशमुख ने कहा कि कोरबा जैसे कोयलांचल क्षेत्र में खदानों की धूल और काम के तनाव के बीच योग एवं प्राणायाम शरीर और मन को संतुलित रखने में मदद कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि गुरुदेव का संकल्प है कि हर व्यक्ति स्वस्थ और प्रसन्न रहे।

समापन अवसर पर सभी 138 साधकों ने सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन और सत्संग में हिस्सा लिया। इस दौरान पूरा क्षेत्र आध्यात्म की धारा से सराबोर रहा। कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग दीपका के जगत सिंह भदौरिया, सुनीता भदौरिया, मुन्ना साहू, भरत साहू सहित संस्था के सदस्यों का सहयोग रहा

Spread the word