नगांव उपचुनाव: भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प, गौरव गोगोई और भूपेश बघेल की कार पर पथराव

नई दिल्ली। असम में नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए प्रचार के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई। पत्थरबाजी और कार्यकर्ताओं के बीच गुत्थम-गुत्था इतनी बढ़ गई कि क्षेत्र में तैनात सीआरपीएफ कर्मियों को लाठीचार्ज करना पड़ा।पुलिस का कहना है कि दो हमलावर हिरासत में लिए गए हैं और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने सोमवार को कहा कि यह घटना समागुरी विधानसभा क्षेत्र में शाम चार बजे हुई, जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई के नेतृत्व में एक रैली लारिमुख में एक सार्वजनिक बैठक के लिए जा रही थी। भाजपा समर्थक बारामा बाजार में कांग्रेस नेताओं को काले झंडे दिखाने के लिए इकट्ठा हुए थे।
एक अधिकारी ने कहा,जब 30 से 40 कांग्रेस कार्यकर्ता मोटरसाइकिल पर उस क्षेत्र से गुजरे, तो गौरव गोगोई गो बैक, कांग्रेस गो बैक जैसे नारे लगाए गए, जिससे तनाव उत्पन्न हुआ।
कांग्रेस का काफिला बैठक के बाद उसी मार्ग से वापस आया, तो संदिग्ध भाजपा समर्थकों ने विपक्षी पार्टी के वाहनों पर पत्थर फेंके। उन्होंने कहा, क्षेत्र में तैनात सीआरपीएफ कर्मियों ने हमलावरों को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। कांग्रेस कार्यकर्ता फिर लाठियों के साथ मौके पर लौट आए, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
