श्रमदान कर एनएसएस ने की सफाई, पौधे लगाए

कोरबा 21 सितंबर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर से संबद्ध शासकीय महाविद्यालय करतला की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा भारत सरकार के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान, श्रमदान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मुख्य अभ्यागत के रूप में एनएसएस जिला संगठक प्रो. वाई. के. तिवारी, महाविद्यालय प्राचार्य मृगेश कुमार यादव, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. विजय शर्मा, डॉ. संजय कुमार यादव एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. प्रभा शंकर यादव उपस्थित रहे। अभियान के तहत स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर, खेल मैदान, पुस्तकालय भवन एवं प्रवेश द्वार के आसपास श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया। स्वयंसेवकों ने सहायक संसाधन से कचरा, घास-फूस एवं प्लास्टिक कचरे को हटाया। श्रमदान के पश्चात परिसर में एक पेड़ माँ के नाम के संकल्प के साथ फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण कर एक पौधे की देखभाल की जिम्मेदारी ली। जिला संगठक प्रो. वाई. के. तिवारी ने कहा कि 17 अक्टूबर तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान स्वच्छता ही सेवा’ और ‘श्रम ही पूजा’ के मंत्र को चरितार्थ करता है। श्रमदान से न केवल परिसर स्वच्छ होता है, बल्कि युवाओं में परिश्रम, एकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित होती है।
प्राचार्य मृगेश कुमार यादव ने कहा कि एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थी किताबी ज्ञान के साथ-साथ श्रम का महत्व भी सीखते हैं। यह पूरे माह चलने वाला अभियान आगे भी रक्तदान, नशा मुक्ति एवं डिजिटल साक्षरता जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जारी रहेगा। इस श्रमदान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम में वरिष्ठ स्वयंसेवक रूपेश कुमार राठिया, सुनीता राठिया, गीतांजलि राठिया सहित पुष्पेंद्र यादव, भूपेंद्र कुमार, मंगलेश कुमार, नागेश्वर, गंगोत्री, तुलेश्वरी, टिकेश्वरी, संगीता, लक्ष्मी, ग्रेसी, श्रेया, नंदिनी, भूमि सहित लगभग 90 स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
