8 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारी और पेंशनर्स का आंदोलन तेजः 30 सितंबर को प्रदेश के सभी संभाग मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम संभागायुक्त को सौंपेंगे ज्ञापन

कोरबा 21 सितंबर। छत्तीसगढ़ के कर्मचारी और पेंशनर्स अपनी 8 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर 30 सितंबर को प्रदेश के सभी संभाग मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम संभागायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। आंदोलन की तैयारियों को लेकर प्रदेशभर में बैठकों का दौर शुरू हो गया है।

इसी कड़ी में रायपुर स्थित कर्मचारी भवन में छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष पवन शर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में कर्मचारी एवं पेंशनर्स संगठनों के पदाधिकारियों ने आगामी संभाग स्तरीय धरना-प्रदर्शन की रणनीति पर चर्चा की और इसे सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक में प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के समन्वयक जीआर चंद्रा, प्रदेश महामंत्री हिमांचल साहू, छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन के प्रांतीय महामंत्री उमेश मुदलियार, प्रदेश सचिव सीएल दुबे सहित संजय शर्मा, रामचंद्र तांडी, नरेश वाढेर, विमल कुंडू, बेनीराम गायकवाड़, शाहिल मुदलियार, शुभम भट्ट, बीपी कुरील समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं पेंशनर्स उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष प्रभात शर्मा एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, जिला शाखा कोरबा के अध्यक्ष विनय सोनवानी ने जिले के समस्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स से संभाग स्तरीय धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आंदोलन के माध्यम से कर्मचारियों और पेंशनर्स की लंबित आठ सूत्रीय मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाते हुए ज्ञापन सौंपा जाएगा।

Spread the word