‘डॉनगिरी’ और हथियारों की रील बनाने वाले 2 बदमाश गिरफ्तारः पुलिस ने एक का निकाला पैदल जुलूस, दूसरा आर्म्स एक्ट में जेल भेजा

कोरबा 19 सितंबर। सोशल मीडिया पर ‘डॉनगिरी’ की रील बनाकर दहशत फैलाने और धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने वाले दो बदमाशों पर कोरबा कोतवाली पुलिस ने शिकंजा कसा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गौतम तंवर और हर्ष वैष्णव उर्फ गब्बर को गिरफ्तार कर लिया है। शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने एक आरोपी का सार्वजनिक स्थान पर जुलूस निकाला, जबकि दूसरे को आर्म्स एक्ट के तहत जेल भेज दिया।

पहला मामला पुरानी बस्ती क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय गौतम तंवर खुद को कोरबा का गुंडा और डॉन बताकर सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करता था। वह खुद को ‘भाई जी’ कहलवाता था और लोगों से शराब पीने के लिए जबरन पैसे मांगता था। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और आपराधिक मानसिकता को खत्म करने तथा दहशत दूर करने के लिए बस स्टैंड इलाके में उसकी पैदल परेड कराई। आरोपी गौतम पहले से ही आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।


दूसरा मामला फोकटपारा का है, जहां हर्ष वैष्णव उर्फ गब्बर हाथ में धारदार चापड़ लहराकर राहगीरों और स्थानीय लोगों को डरा-धमका रहा था। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर उसे रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी के पास से धारदार चापड़ जब्त किया गया है।

कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि हर्ष वैष्णव के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक सिध्द्धर्थ तिवारी के निर्देशानुसार, आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर में अवैध हथियार रखने वालों, हुड़दंगियों और सोशल मीडिया पर आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर में शांति भंग करने वाले तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।

Spread the word