PM मोदी के जन्मदिन पर छात्राओं को बांटी साइकिलें निकलीं खराब: पैडल-सीट और घंटी टूटी, टायर भी मिले पंचर

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को बांटी गई साइकिलों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठे हैं। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सिंघोरी स्थित शासकीय स्वामी आत्मानंद स्कूल में विधायक दीपेश साहू ने 62 छात्राओं को साइकिल वितरित की थीं। वितरण के बाद कई साइकिलों में पैडल, सीट, घंटी और कैरियर टूटे मिले, जबकि कुछ साइकिलों के टायर पंचर बताए गए।
छात्राओं की शिकायत के बाद स्कूल प्रबंधन ने खराब साइकिलों की मरम्मत कराने की बात कही है। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्रबंधन से जवाब मांगा है।
छात्राओं ने बताई साइकिलों की खराब हालत
साइकिल वितरण के बाद छात्राओं ने जब उन्हें चलाने की कोशिश की तो कई साइकिलों में खामियां सामने आईं। कुछ साइकिलों के टायरों में हवा नहीं थी, जबकि कुछ में हवा भरने वाला वाल्व तक गायब बताया गया। कई साइकिलों की घंटी, सीट और पैडल टूटे हुए मिले।
इसके अलावा सामान रखने के लिए लगाए गए कैरियर और बास्केट भी क्षतिग्रस्त पाए गए। छात्राओं का कहना है कि पैडल खराब होने, टायर में हवा नहीं होने और साइकिल के हिलने के कारण उन्हें चलाने में परेशानी हो रही है।
छात्राओं ने साइकिलों की गुणवत्ता की जांच कराने और खराब हिस्सों को जल्द ठीक कराने की मांग की है।
DEO बोले- खराब साइकिलों का हैंडओवर क्यों लिया?
मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल ने नाराजगी जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि स्कूल प्रबंधन ने खराब स्थिति वाली साइकिलों का हैंडओवर क्यों लिया।
DEO के मुताबिक, साइकिल प्राप्त करते समय उनकी स्थिति की जांच की जानी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि मामले में स्कूल प्राचार्य की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रिंसिपल बोले- डैमेज साइकिलों की कराएंगे रिपेयरिंग
स्कूल के प्राचार्य संजय प्रसाद पयासी ने बताया कि सरकार की ओर से प्राप्त साइकिलों का छात्राओं के बीच वितरण किया गया है। उन्होंने माना कि कुछ साइकिलों में गुणवत्ता संबंधी समस्या सामने आई है।
प्राचार्य के अनुसार, जो साइकिलें डैमेज हैं, उनकी रिपेयरिंग कराकर छात्राओं को उपयोग के योग्य उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
62 छात्राओं को बांटी गई थीं साइकिलें
बता दें कि सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिलें वितरित की गई थीं। 17 सितंबर को सिंघोरी के शासकीय स्वामी आत्मानंद स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू ने 62 छात्राओं को साइकिलें बांटी थीं। वितरण के एक दिन बाद ही कई साइकिलों की खराब स्थिति सामने आने से अब उनकी गुणवत्ता और सप्लाई प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।
