हाथियों का दल फिर पहुंचा बंजारी, वन मण्डल ने बढ़ाई निगरानी

कोरबा 17 सितंबर। वनमंडल कटघोरा के एतमानगर व केंदई रेंज में उत्पात मचाने वाले हाथियों के दल में से 32 हाथी बीती रात यहां केंदई रेंज के बडकाबहरा से पसान रेंज के बनिया क्षेत्र पहुंच गए। वहीं एतमानगर के गुरसिया सर्किल अंतर्गत बांधापारा में दो दिनों तक सक्रियता के बाद 19 हाथियों का दल बंजारी में दस्तक दे दिया है।

हाथियों के दोनों दल ने तत्काल कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है लेकिन देर-सबेर उत्पात मचाए जाने की संभावना को देखते हुए वन अमला सतर्क हो गया है। हाथियों की निगरानी बढ़ा दी गई है। हाथियों की मौजूदगी वाले जंगल से सटे गांवों में लगातार मुनादी कराई जा रही है। हाथियों का दल लंबे समय से कटघोरा वनमंडल में मौजूद है तथा यहां के जंगल को अपना बसेरा बना लिया है। हाथियों का दल कभी जटगा रेंज पहुंच जाता है तो कभी एतमानगर, पसान व केंदई रेंज में हाथियों की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों को खतरा बना हुआ है। हालांकि हाथियों द्वारा अब तक कुछ घरों को तोडने तथा धान फसल को नुकसान पहुंचाने के अलावा जनहानि की कोई घटना नहीं की है। हाथियों के दल में नन्हें शावकों के अलावा उत्पाती लोनर भी है, जो बार-बार नेशनल हाईवे में पहुंचकर रफ्तार को थाम देता है।

Spread the word