ब्रिक्स घोषणापत्र में पहलगाम हमले की निंदा, BJP ने बताया भारत की बड़ी कूटनीतिक जीत

नई दिल्ली। भाजपा ने शनिवार को कहा कि ब्रिक्स के नई दिल्ली घोषणापत्र में पहलगाम आतंकी हमले की निंदा भारत की बड़ी कूटनीतिक जीत है। भाजपा ने यह भी कहा कि नई दिल्ली घोषणापत्र विकासशील देशों के लिए महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनाने की भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसमें शांति और सुरक्षा से लेकर आर्थिक सहयोग और न्यायपूर्ण वैश्विक व्यवस्था शामिल है।
गौरतलब है कि ब्रिक्स के घोषणापत्र में जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में अप्रैल 2025 में हुए आतंकी हमले की निंदा की गई और राज्य प्रायोजित सीमा पार आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करने का आह्वान किया गया। पहलगाम में 22 अप्रैल, 2025 को हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी और कई अन्य लोग घायल हो गए थे।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पर पोस्ट किया, भारत ब्रिक्स 2026 का नेतृत्व कर रहा है, जिससे ग्लोबल साउथ को और मजबूत आवाज मिलेगी। नई दिल्ली से भारत ने एक बार फिर अधिक प्रतिनिधित्व वाली और संतुलित दुनिया के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई है। ‘ग्लोबल साउथ’ से आशय दुनिया के विकासशील, कम विकसित और मध्यम आय वाले देशों से है।
