खराब सड़क और सफाई व्यवस्था पर कांग्रेस का प्रदर्शन, निगम प्रशासन पर भ्रष्टाचार के आरोप

कोरबा। शहर की बदहाल सड़कों और सफाई व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर के नेतृत्व में कांग्रेस के पार्षद दल ने बुधवारी क्षेत्र का दौरा कर सड़क और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम प्रशासन पर भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप लगाए।

छह महीने में उखड़ गई करोड़ों की सड़क

मुकेश राठौर ने आरोप लगाया कि शहर की अधिकांश सड़कें खराब हो चुकी हैं और लोगों का चलना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि करीब छह महीने पहले करोड़ों रुपये की लागत से बनाई गई डामर सड़कें अब उखड़ने लगी हैं। सड़क पर जगह-जगह बजरी निकल आई है और वाहनों के गुजरने से धूल उड़ रही है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

सफाई कर्मचारियों से कराया जा रहा बजरी का काम

मुकेश राठौर ने आरोप लगाया कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी वार्डों की नियमित सफाई करने के बजाय सड़कों से उखड़ी बजरी को झाड़ू से समेटकर गाड़ियों में भरने में लगाए जा रहे हैं।

उन्होंने निगम की एक गाड़ी पर ‘नगर पालिका परिषद’ लिखे होने का मुद्दा भी उठाया और सवाल किया कि यदि वाहन नगर निगम का है तो उस पर नगर पालिका परिषद क्यों लिखा गया है।

कांग्रेस ने मांग की कि सड़क से निकली बजरी को तत्काल गड्ढों में डालकर सड़क को समतल किया जाए, ताकि धूल की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

सड़क निर्माण में घोटाले का आरोप

वार्ड 26 मुड़ापार के पार्षद गोपाल कुर्रे ने आरोप लगाया कि छह महीने पहले महापौर द्वारा कराए गए डामरीकरण कार्य में बड़ा घोटाला हुआ है। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क इतनी जल्दी खराब हो गई।

कुर्रे ने आरोप लगाया कि ठेकेदार की जवाबदेही तय करने के बजाय सफाई कर्मचारियों से ही सड़क पर पैचवर्क कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदार के बीच मिलीभगत का भी आरोप लगाया।

मंत्री और महापौर पर कांग्रेस ने साधा निशाना

राताखार पार्षद रवि चंदेल ने मंत्री रतन लाल देवांगन और महापौर पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री कुछ समय पहले इसी सड़क से गुजरे थे, लेकिन उन्हें सड़क की बदहाल स्थिति नजर नहीं आई।

चंदेल ने कहा कि महापौर भी इसी रास्ते से आवागमन करते हैं, इसके बावजूद सड़क की समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने भाजपा नेता गोपाल मोदी पर भी निशाना साधते हुए सड़क की स्थिति को लेकर उनके बयानों पर सवाल उठाए और ठेकेदारी से जुड़े होने का आरोप लगाया।

पौधरोपण में भी गड़बड़ी का आरोप

कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम क्षेत्र में पौधरोपण कार्य में भी अनियमितता का आरोप लगाया। मुकेश राठौर ने कहा कि पौधे लगाने के लिए महज एक फीट गहरे गड्ढे खोदे जा रहे हैं। इनमें पर्याप्त मिट्टी और खाद नहीं डाली जा रही है। साथ ही पौधों की सिंचाई और सुरक्षा की भी उचित व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया गया।

कांग्रेस ने पौधरोपण कार्य की समीक्षा करने और संबंधित स्थलों का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की है। साथ ही सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग भी की गई है।

Spread the word