तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराईः दो नाबालिगों की मौके पर मौत, बिना हेलमेट चला रहे थे बाइक

कोरबा 05 सितम्बर। जिले के दीपका थाना क्षेत्र के ग्राम लिटियाखार में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो नाबालिग युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दोनों नाबालिगों को गंभीर चोटें आईं। बताया जा रहा है कि दोनों बिना हेलमेट के बाइक पर सवार थे।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान करण चौहान (16), पिता बृजलाल और राजा नेटी (14), पिता कैलाश के रूप में हुई है। करण बाइक चला रहा था, जबकि राजा पीछे बैठा था। दोनों बाइक से लिटियाखार की ओर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों तेज रफ्तार में बाइक चला रहे थे। रास्ते में एक मोड़ पर अचानक मोटरसाइकिल का नियंत्रण बिगड़ गया और बाइक सड़क किनारे लगे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दोनों युवकों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल दीपका पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों के परिजनों को हादसे की सूचना दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दोनों के बिना हेलमेट बाइक चलाने और तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। देर रात होने के कारण दोनों शवों को अस्पताल के मोर्चरी कक्ष में रखवाया गया है। आज शनिवार को पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। दोनों नाबालिगों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नाबालिगों को वाहन चलाने के लिए न दें और वाहन चलाते समय हेलमेट समेत सभी यातायात नियमों का पालन करें।

Spread the word