शराब के नशे में उफनते दादर नाले को स्कॉर्पियो से पार करने की कोशिश, तेज बहाव में बही गाड़ी, चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज

कोरबा। भारी बारिश के बीच उफनते दादर नाले को स्कॉर्पियो से पार करने की कोशिश दो युवकों के लिए जानलेवा साबित हो सकती थी। बताया जा रहा है कि वाहन में युवा कांग्रेस नेता अंकित श्रीवास्तव और चंद्र कुमार कश्यप सवार थे। नाले के तेज बहाव में स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर बहने लगी और देखते ही देखते आधी पानी में डूब गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
स्थानीय लोगों ने किया था मना
घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। भारी बारिश के बाद दादर नाले का जलस्तर काफी बढ़ गया था और पानी तेज रफ्तार से बह रहा था। स्थानीय लोगों ने स्कॉर्पियो सवार युवकों को नाला पार नहीं करने की सलाह दी थी। इसके बावजूद उन्होंने वाहन से नाला पार करने का प्रयास किया।
बीच नाले में पहुंचते ही बहने लगी स्कॉर्पियो
स्कॉर्पियो जैसे ही नाले के बीच पहुंची, वह तेज बहाव की चपेट में आ गई। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और स्कॉर्पियो पानी के साथ बहने लगी। कुछ ही देर में वाहन आधा पानी में डूब गया। स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों युवकों को वाहन से बाहर निकाला और उनकी जान बचाई।
अल्कोहल मीटर से जांच में नशे की पुष्टि
घटना के बाद पुलिस ने दोनों युवकों की जांच की। पुलिस के अल्कोहल मीटर परीक्षण में दोनों के शराब के नशे में होने की पुष्टि होने की बात सामने आई है। घटना ने बारिश के दौरान उफनते नालों और नदी-नालों को पार करने के खतरनाक प्रयासों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
