वीर दुर्गादास राठौर जयंती पर हुआ शपथ ग्रहण समारोह व सावन उत्सव कार्यक्रम आयोजित

कोरबा 19 अगस्त। क्षत्रिय राठौर समाज कोरबा द्वारा वीर दुर्गादास राठौर जयंती, नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह और सावन उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों, महिलाओं और पुरुषों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान वीर दुर्गादास राठौर के आदर्शों को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे राठौर तिराहा के पास वीर दुर्गादास राठौर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। क्षत्रिय राठौर समाज कोरबा के सदस्यों ने वीर दुर्गादास राठौर को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके जीवन एवं समाज के प्रति योगदान को याद किया। इसके बाद कार्यक्रम क्षत्रिय राठौर भवन कोरबा में आयोजित किया गया, जहां नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह हुआ।

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सनत राठौर, मुख्य संरक्षक क्षत्रिय राठौर प्रांतीय सभा और पवन राठौर, प्रदेश अध्यक्ष प्रांतीय सभा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कोरबा समाज के अध्यक्ष सतीश राठौर ने की, जबकि संचालन पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान मुख्य संरक्षक संतोष राठौर ने किया। मुख्य अतिथि सनत राठौर ने नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को पद एवं समाज के प्रति जिम्मेदारियों की शपथ दिलाई। इस दौरान समाज की एकजुटता और सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान मुख्य संरक्षक संतोष राठौर को समाज सेवा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ क्षत्रिय राठौर सभा की ओर से उन्हें सम्मान पत्र और शॉल भेंट किया गया। उन्हें उत्कृष्ट समाज सेवा, समाज के प्रति निष्ठा, कोरबा में सामाजिक भवन के लिए भूमि दान तथा विशाल और सुविधासंपन्न राठौर सामाजिक भवन के निर्माण में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समाज को नई पहचान दिलाने में उनके योगदान की भी सराहना की गई।

कार्यक्रम के बाद समाज की महिलाओं द्वारा सावन उत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया। सावन उत्सव में महिलाओं ने नृत्य, संगीत और विभिन्न मनोरंजक खेलों का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सावन उत्सव ने पूरे आयोजन में उत्साह और उमंग का रंग भर दिया। महिलाओं ने पारंपरिक अंदाज में एक-दूसरे के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम में ओंकार प्रसाद राठौर, परसराम राठौर, राजेंद्र राठौर, राम नारायण राठौर, मनीष राठौर, दिनेश राठौर, मनमोहन राठौर सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। महिलाओं में प्रमिला राठौर, नंदनी राठौर, चंद्रकला राठौर, कुमुद राठौर, उज्ज्वला राठौर, प्राची राठौर, सीता राठौर और दीपा राठौर सहित बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं शामिल हुईं।

कोरबा शहर के विभिन्न मोहल्लों के साथ-साथ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से भी समाज के महिला और पुरुष कार्यक्रम में पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान सामाजिक एकता, सम्मान और सांस्कृतिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Spread the word