अवैध शराब बिक्री के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन, 15 दिन में कार्रवाई नहीं तो उग्र आंदोलन

कोरबा। कुसमुंडा क्षेत्र की बलगी कॉलोनी में कथित अवैध शराब बिक्री और बढ़ती असामाजिक गतिविधियों को लेकर कॉलोनीवासियों का आक्रोश सामने आया है। शुक्रवार को करीब 50 से 60 महिला-पुरुषों ने एकजुट होकर SECL एरिया मैनेजर के निवास का घेराव किया और कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बलगी कॉलोनी और आसपास के इलाकों में अवैध शराब के अड्डे बढ़ते जा रहे हैं। शाम होते ही शराब के नशे में कुछ युवक कॉलोनी में पहुंचकर गाली-गलौज, मारपीट और महिलाओं से कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते हैं। इससे कर्मचारी परिवारों, महिलाओं और बच्चों में भय का माहौल बना हुआ है।
शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
कॉलोनीवासियों का कहना है कि अवैध शराब बिक्री और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को लेकर कई बार मौखिक शिकायत की गई, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर लोगों ने शुक्रवार को सामूहिक रूप से SECL प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
SSP के नाम सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय निवासी संध्या सिंह ने बताया कि एरिया मैनेजर ने कॉलोनीवासियों की समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। वहीं, प्रदर्शनकारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, कोरबा के नाम ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की।
ज्ञापन में कॉलोनी के मुख्य द्वार, सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख चौराहों पर CCTV कैमरे लगाने तथा शाम के समय नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग भी की गई है।
15 दिन का अल्टीमेटम, नहीं तो होगा आंदोलन
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर अवैध शराब बिक्री और असामाजिक गतिविधियों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो कॉलोनीवासी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। लोगों का कहना है कि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो भविष्य में कोई बड़ी अप्रिय घटना हो सकती है।
