12 अगस्त को बालको नगर में धूमधाम से मनाया जाएगा छत्तीसगढ़ का लोकपर्व हरेली उत्सव

कोरबा 01 अगस्त। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा एवं कृषि संस्कृति के प्रतीक लोकपर्व हरेली उत्सव का भव्य आयोजन इस वर्ष भी 12 अगस्त को रामलीला मैदान, बालको नगर में किया जाएगा। सार्वजनिक हरेली उत्सव समिति द्वारा विगत पाँच वर्षों की भाँति इस वर्ष भी इस आयोजन को पूरे उत्साह एवं पारंपरिक गरिमा के साथ आयोजित किया जा रहा है।

उत्सव के अंतर्गत छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं को जीवंत करने हेतु गेड़ी दौड़, नारियल फेंक, मटकी फोड़ सहित अनेक पारंपरिक खेल एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को प्रदेश के माननीय वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन तथा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत के करकमलों से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ की कृषि परंपरा के अनुरूप कृषि औजारों का पूजन-अर्चन कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम कृषि उत्पादन की मंगलकामना की जाएगी। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं एवं सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का संदेश भी देगा।

सार्वजनिक हरेली उत्सव समिति ने बालको नगर सहित आसपास के समस्त नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक पर्व को सफल एवं यादगार बनाने का आग्रह किया है।

Spread the word