छत्तीसगढ़ को मिली बड़ी रेल परियोजना की सौगात, कटघोरा-डोंगरगढ़ के बीच बनेगी 295 किमी नई रेल लाइन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य में कटघोरा से डोंगरगढ़ के बीच 295 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना से बस्तर जैसे दूरस्थ अंचलों समेत प्रदेश के कई हिस्सों में परिवहन, उद्योग और व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

इस रेल परियोजना को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में छत्तीसगढ़ की लंबित रेल परियोजनाओं और रेल अधोसंरचना के विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इसके बाद कटघोरा-डोंगरगढ़ नई रेल लाइन परियोजना को हरी झंडी मिली।

295 किमी लंबी होगी कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन

स्वीकृत परियोजना के तहत कटघोरा से डोंगरगढ़ के बीच करीब 295 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाई जाएगी। यह रेल मार्ग कटघोरा, करतला, मुंगेली, कवर्धा और खैरागढ़ होते हुए डोंगरगढ़ तक पहुंचेगा।

Spread the word