डेंगूनाला पुल के गड्ढे में फंसी बस, वाहनों की लगी लंबी कतार


कोरबा 31 जुलाई। कोरबा जिलान्तर्गत बालको-रिसदी मुख्य मार्ग पर स्थित डेंगूनाला पुल पर एक निजी बस गहरे गड्ढे में फंस गई। संयोगवश बड़ा हादसा टल गया, लेकिन घटना के बाद मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हो गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल की स्थिति काफी समय से खराब थी। गड्ढे इतने गहरे हो चुके थे कि पुल की लोहे की सरिया तक दिखाई देने लगी थी। इसके बावजूद सेतु विभाग ने समय रहते मरम्मत कराने की जरूरत नहीं समझी। नतीजा यह रहा कि पुल अब आम लोगों के लिए खतरे का कारण बन चुका है। मौजूद लोगों के अनुसार बस के फंसने के बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। कुछ समय तक यातायात बाधित रहा और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

यह मार्ग बालको और रिसदी के बीच प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां रोजाना भारी वाहनों के साथ बड़ी संख्या में यात्री वाहन भी गुजरते हैं। पुल की मरम्मत के लिए पूर्व में बालको प्रबंधन द्वारा सेतु विभाग को लगभग 86 लाख रुपये उपलब्ध कराए गए थे। इसके बावजूद समय पर मरम्मत नहीं होना गंभीर लापरवाही माना जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत कार्य कराया गया होता तो ऐसी स्थिति नहीं बनती। घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने पुल की तत्काल मरम्मत कराने मांग की।

, सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने और पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल डेंगूनाला पुल की जर्जर स्थिति राहगीरों और वाहन चालकों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

Spread the word