कोरबा-भिलाई मार्ग पर भीषण जामः स्कूल बसों में फंसे बच्चे, यात्रियों की छूटी ट्रेन

कोरबा 29 जुलाई। कोरबा-भिलाई मार्ग पर बुधवार सुबह गौ माता चौक से भिलाई खुर्द तक करीब 2 किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया। सुबह करीब 6 बजे से 8 बजे तक लगे इस जाम में ट्रेलर, ट्रैक्टर, कार, चारपहिया और बाइक सवारों के साथ बच्चों से भरी कई स्कूल बसें भी फंस गईं। करीब दो घंटे तक यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही।
जानकारी के अनुसार, गौ माता चौक के पास एक ट्रेलर अचानक ब्रेकडाउन हो गया। इसके बाद पीछे से आ रहे भारी वाहनों की कतार लगती चली गई। संकरा मार्ग और बड़ी संख्या में ट्रेलरों की आवाजाही के कारण कुछ ही देर में जाम ने विकराल रूप ले लिया। जाम बढ़ने के साथ दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को आगे बढ़ने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
जाम का सबसे ज्यादा असर स्कूल जाने वाले बच्चों पर पड़ा। बच्चों से भरी कई स्कूल बसें लंबे समय तक जाम में फंसी रहीं। इसके चलते दर्जनों बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाए और कई विद्यार्थियों को करीब 30 से 40 मिनट की देरी से कक्षाओं में पहुंचना पड़ा।
वहीं, चांपा रेलवे स्टेशन जाने वाले कई यात्रियों को भी जाम का खामियाजा भुगतना पड़ा। कुछ यात्रियों की ट्रेन तक छूट गई। घंटों वाहनों में फंसे रहने के बाद कई लोग मजबूरी में वाहन छोड़कर पैदल ही अपने गंतव्य की ओर निकल गए।
जाम की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ब्रेकडाउन ट्रेलर को सड़क से किनारे करवाया और वाहनों को एक-एक कर निकालने का प्रयास शुरू किया।
